गोपालगंज।
बरौली प्रखंड के प्रेमनगर आश्रम के पास स्थित अखाड़ा सोमवार को पहलवानों की दहाड़ और ताल ठोंकने की आवाज से गूंज उठा। यहां आयोजित विशाल दंगल में न केवल स्थानीय बल्कि देश-विदेश के नामी पहलवानों ने भी शिरकत की।

परंपरा और आयोजन
स्व. रामचंद्र पहलवान का यह अखाड़ा वर्षों से मशहूर है और महावीरी अखाड़ा के अगले दिन यहां विशाल दंगल का आयोजन होता है। इस बार भी हजारों की भीड़ उमड़ी और हर दांव-पेंच पर तालियां गूंज उठीं।
शुभारंभ और अतिथि
कार्यक्रम की शुरुआत अखाड़ा पूजन के बाद फीता काटकर हुई। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक रियाजूल हक राजू, राजद जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह, मछुआरा वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष दीपक कुमार सहनी, छात्र नेता रामपुकार यादव सहित कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
नामी पहलवानों की भागीदारी
दंगल में दर्जनों नामी पहलवानों ने भाग लिया।
पुरुष पहलवान: चंपारण के गुड्डु पहलवान, गाजीपुर के भारत केशरी रितेश पहलवान, गोरखपुर के ज्ञान सिंह, धर्मेंद्र चौहान, जितेंद्र पहलवान, नेपाल से सुमीत पहलवान, कानपुर के राजू पहलवान, मध्यप्रदेश के काला चीता पहलवान, भभुआ के बलिराम पहलवान आदि।
महिला पहलवान: बक्सर की शिवांगी, प्रयागराज की रोशनी, गोरखपुर की खुश्बू, बनारस की निशा और सोनबरसा की दीक्षा पहलवान ने अपने-अपने विरोधियों को पटखनी दी।
दंगल में निर्णायक की भूमिका कुशीनगर के अशोक यादव ने निभाई।










