प्रेम शंकर मिश्रा, अभी वार्ता
मेहरमा (गोड्डा): मंगलवार को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 18 वर्ष तक के दिव्यांगजनों की जांच हेतु शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 60 आवेदकों की जांच की गई।

शिविर में ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. अरविंद कुमार, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रंजीत कुमार, फिजिशियन डॉ. रंजन कुमार और आयुष चिकित्सक डॉ. राजकुमार सील मौजूद रहे। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विवेक कुमार सिन्हा ने बताया कि जांचे गए सभी व्यक्तियों को एक सप्ताह के भीतर दिव्यांगता प्रमाणपत्र उपलब्ध करा दिया जाएगा। साथ ही पात्र लोगों को सरकार की ओर से आवश्यक उपकरण भी दिए जाएंगे।
हालांकि, शिविर के दौरान संसाधनों की भारी कमी भी देखने को मिली। चिकित्सक आंख की जांच के लिए मोबाइल की रोशनी का इस्तेमाल करते नजर आए। इस पर स्थानीय बुद्धिजीवियों ने सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे आयोजन का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब संसाधनों की सही व्यवस्था हो। उन्होंने सक्षम पदाधिकारियों से सुधार की मांग की।
इस उमस भरी गर्मी में भी सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन अस्पताल पहुंचे। ग्रामीणों का कहना था कि अगर पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित होता, तो और ज्यादा सहूलियत मिलती।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बीटीटी मोहम्मद लालु और संजीव कुमार सहित कई लोगों की अहम भूमिका रही।










