अमेठी:
जनपद के विकासखंड भादर अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय खरगपुर की छात्रा काव्या मिश्रा ने जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) प्रवेश परीक्षा-2026 में अभूतपूर्व सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। काव्या ने न केवल परीक्षा उत्तीर्ण की, बल्कि 100 में से 100 पूर्ण अंक प्राप्त कर ओवरऑल पहली रैंक हासिल की है।

हाल ही में जारी परिणामों के अनुसार काव्या ने मानसिक योग्यता, अंकगणित और भाषा—तीनों विषयों में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उनकी इस शानदार उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
अपनी सफलता पर काव्या ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसका श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने विशेष रूप से प्राथमिक विद्यालय नोनखार में कार्यरत शिक्षक सत्येंद्र द्विवेदी का आभार व्यक्त किया, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से उन्हें इस कठिन परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त करने में मदद मिली।
ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली काव्या की यह सफलता उन सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं और उन्हें साकार करने का साहस रखते हैं।










