Search
Close this search box.

राजद नेता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, खेत में मिला शव, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

संवाददाता: अभी वार्ता, पलामू

झारखंड के पलामू जिले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता जयशंकर ठाकुर का शव सोमवार दोपहर उनके गांव उताकी के एक खेत में संदिग्ध हालत में मिला। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी हत्या कर शव को एसिड से जलाने की कोशिश की गई।



52 वर्षीय जयशंकर ठाकुर राजद के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष थे। सोमवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे वह रोज की तरह टहलने के लिए खेत की ओर निकले थे, लेकिन कई घंटे तक घर नहीं लौटे। खोजबीन के दौरान गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर खेत में उनका शव पड़ा मिला, जिस पर जलने के निशान मौजूद थे।

सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच शुरू की। थाना प्रभारी शशि शेखर पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला वज्रपात से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

वहीं ग्रामीणों ने पुलिस की आशंका पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के समय मौसम पूरी तरह साफ था और आसपास कहीं भी वज्रपात नहीं हुआ। इससे ग्रामीणों ने हत्या की आशंका और गहरी कर दी है।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। मृतक के तीन बेटे हैं, जिनमें से एक बाहर रहता है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तहकीकात जारी है। इस घटना पर झारखंड राजद के कई नेताओं ने गहरा शोक जताया है।

Abhi Varta
Author: Abhi Varta

Leave a Comment

Read More

Marketing Hack4U