तिरुवनंतपुरम।
केरल की राजधानी से बड़ी खबर — भाजपा पार्षद के. अनिल कुमार शनिवार सुबह अपने दफ़्तर में फांसी पर लटके मिले। घटना ने पूरे राजनीतिक गलियारों में सनसनी फैला दी है।
अनिल कुमार तिरुवनंतपुरम नगर निगम के तिरुमला वार्ड से पार्षद थे। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उन्होंने लिखा कि पार्टी नेतृत्व ने मुश्किल वक्त में उनका साथ नहीं दिया।

अनिल कुमार पर वित्तीय संकट का दबाव था। वे वालयासाला फार्म सोसाइटी के अध्यक्ष भी थे, जहां कर्ज़ न चुकाने वाले उधारकर्ताओं के कारण सोसाइटी डूब रही थी। इसी तनाव को लेकर उन्होंने यह कदम उठाया, ऐसा पुलिस सूत्रों का कहना है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मीडिया कर्मियों को कवर करने से रोकने के लिए कुछ लोगों ने हमला भी किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।










