संवाददाता: के.के. झा
पलामू।
शिक्षक दिवस के अवसर पर प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन झारखंड के तत्वावधान में बैरिया चौक स्थित माया पैलेस होटल में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पलामू डीआईजी नौशाद आलम उद्घाटनकर्ता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत और सम्मान
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। ग्रीन वैली इंटरनेशनल स्कूल के नन्हे बच्चों ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने स्वागत भाषण में कार्यक्रम के उद्देश्य और संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
सभी विद्यालयों से आए शिक्षकों को मोमेंटो, शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अतिथियों के विचार
डीआईजी नौशाद आलम ने शिक्षा की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि “शिक्षक के बिना समाज की कल्पना नहीं की जा सकती।” उन्होंने बच्चों को नए और सरल तरीकों से शिक्षित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य अतिथि इंदर सिंह नामधारी ने सर्वपल्ली राधाकृष्णन का उल्लेख करते हुए कहा कि “जब राष्ट्रपति होते हुए भी उन्होंने अपने जन्मदिवस को शिक्षक दिवस के रूप में मनाने की बात कही, तभी से स्पष्ट हो गया कि समाज में शिक्षक सर्वोपरि हैं।”
संस्थापक अध्यक्ष अविनाश वर्मा, संरक्षक रामानुज सिंह और सानू सिद्दीकी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और आने वाले दिनों में एक वृहद शिक्षक सम्मेलन आयोजित करने का सुझाव दिया।
प्रमुख उपस्थिति
कार्यक्रम में डालटनगंज, चैनपुर और छत्तरपुर इकाइयों से बड़ी संख्या में शिक्षक और पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में स्व. रामदास सोरेन (पूर्व शिक्षा मंत्री, झारखंड) की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। कार्यक्रम राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ।










