Search
Close this search box.

गाडोलिया लोहार समाज में नई पहल: “रक्तदान सेना” का गठन, प्रधान मलाणी बने मुख्य संयोजक

जोधपुर/पाली:
गाडोलिया लोहार समाज में सेवा, सहयोग एवं मानवता के कार्यों को नई दिशा देने के उद्देश्य से राजस्थान गाड़िया लोहार विकास समिति के तत्वावधान में “गाडोलिया लोहार रक्तदान सेना” का गठन 1 मार्च 2026 को किया गया। इस ऐतिहासिक पहल के पीछे समाज के सक्रिय युवा नेतृत्वकर्ता करण भंवरलाल गाडिया लोहार (प्रदेश मंत्री) का विशेष योगदान रहा, जिनकी प्रेरणा और नेतृत्व में इस संगठन की नींव रखी गई।


इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना तथा युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ना है। संगठन के गठन के साथ ही समाज में एक नई ऊर्जा देखने को मिली और बड़ी संख्या में युवाओं ने इस मुहिम से जुड़ने की इच्छा जताई।


संगठन को मजबूत और लोकतांत्रिक ढंग से संचालित करने के लिए चुनाव प्रक्रिया 7 मार्च 2026 से राजस्थान गाड़िया लोहार विकास समिति के चुनाव आयुक्त विभाग के निर्देशन में प्रारंभ की गई। इसके बाद 15 मार्च 2026 को अंतिम मतगणना के पश्चात परिणाम घोषित किए गए।
घोषित परिणामों के अनुसार, प्रधान मलाणी (जोधपुर) को सर्वाधिक मत प्राप्त होने पर मुख्य संयोजक पद पर निर्वाचित किया गया। वहीं दीपक चौहान (जोधपुर) को मुख्य सह-संयोजक, भरत चौहान (जोधपुर) को मुख्य प्रमुख तथा राज सोलंकी को मुख्य उप-प्रमुख पद पर चुना गया।
अन्य प्रत्याशियों में दयाल राम खेजड़ला को 23 मत, सुरेंद्र सोलंकी को 10 मत, करण बोराणा को 8 मत, नरेश बोराणा एवं रविंद्र गाडिया लोहार को 5-5 मत, निर्दलीय प्रत्याशी को 3 मत, धीराराम डाबी को 2 मत तथा मुकेश गाडिया लोहार को 1 मत प्राप्त हुआ।


चुनाव परिणाम की घोषणा प्रदेश मंत्री करण भंवरलाल गाडिया लोहार द्वारा की गई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “गाडोलिया लोहार रक्तदान सेना” केवल एक संगठन नहीं, बल्कि समाज सेवा का एक सशक्त माध्यम है, जो भविष्य में जरूरतमंदों के लिए जीवनदायिनी भूमिका निभाएगा।


उन्होंने आगे कहा कि उनका लक्ष्य गाडोलिया लोहार समाज को संगठित कर उसे सेवा, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है। उनके नेतृत्व में भविष्य में बड़े स्तर पर रक्तदान शिविरों एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।


इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों ने इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए करण भंवरलाल गाडिया लोहार के नेतृत्व की सराहना की और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह टीम समाज को नई दिशा प्रदान करेगी।

Abhi Varta
Author: Abhi Varta

Leave a Comment

Read More

Marketing Hack4U