Search
Close this search box.

गाजियाबाद: सड़क से खींचकर कैफे में बंद कर नाबालिग की बेरहमी से पिटाई, लाठी-डंडे, चाकू और पिस्टल से डराने का आरोप; अवैध हुक्का बार पर भी सवाल

गाजियाबाद। विजय नगर थाना क्षेत्र के प्रताप विहार इलाके में एक नाबालिग युवक के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने उसे सड़क पर रोककर जबरन पास स्थित एक कैफे में खींच लिया और वहां गेट बंद कर लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की। पीड़ित के अनुसार हमलावरों के पास चाकू और पिस्टल जैसे हथियार भी थे, जिनसे उसे डराया-धमकाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार यश आर्य (15 वर्ष) निवासी कैलाश नगर, गाजियाबाद को प्रताप विहार इलाके में रास्ते में रोक लिया गया। आरोप है कि वहां मौजूद कुछ युवकों ने उसे जबरदस्ती पकड़कर पास में स्थित ब्लैक कैफे में खींचकर ले गए।

The black cafe


पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कैफे के अंदर पहले से ही 5 से 10 लाठी-डंडे रखे हुए थे, जिनसे युवक की पिटाई की गई। आरोपियों ने उसे घेर लिया और लगातार मारपीट करते रहे। इस दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों के पास पिस्टल और चाकू भी थे, जिनसे उसे डराया गया।
गेट बंद कर की गई मारपीट
शिकायत के अनुसार शिव वैद नाम के युवक ने कैफे का गेट बंद कर दिया, जिसके बाद अंदर मौजूद युवकों ने नाबालिग को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसे जाति सूचक शब्दों से भी अपमानित किया गया।
पीड़ित किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी परिजनों को दी। घटना के बाद से नाबालिग गहरे सदमे में बताया जा रहा है और परिवार बेहद डरा हुआ है।
मेडिकल रिपोर्ट में कई चोटें
घटना के बाद पीड़ित को तुरंत जिला संयुक्त चिकित्सालय, गाजियाबाद ले जाया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
डॉक्टरों द्वारा जारी मेडिको-लीगल रिपोर्ट (MLC) के अनुसार पीड़ित के शरीर पर कई चोटें पाई गई हैं। रिपोर्ट में सिर, गर्दन, कंधे, पीठ और कमर सहित शरीर के कई हिस्सों पर कुल 8 चोटों का उल्लेख किया गया है। डॉक्टरों ने चोटों को हार्ड एंड ब्लंट ऑब्जेक्ट से लगी बताया है तथा दाहिने कंधे का एक्स-रे कराने की सलाह दी है।
अवैध हुक्का बार पर भी उठे सवाल
घटना के बाद प्रताप विहार इलाके में चल रहे अवैध हुक्का बार को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गाजियाबाद में कैफे और सार्वजनिक स्थानों पर हुक्का परोसने पर पहले से प्रतिबंध है, इसके बावजूद इलाके में कई जगह खुलेआम हुक्का बार संचालित किए जा रहे हैं।
आरोप है कि जिस ब्लैक कैफे में यह घटना हुई, वहां भी हुक्का बार अवैध रूप से चलाया जा रहा था और देर रात तक युवाओं की भीड़ लगी रहती है।
कैफे मालिक का बयान
इस मामले में कैफे के मालिक मोहित बैसला का कहना है कि कैफे में रखे लाठी-डंडे पास में बनी मस्जिद के लोगों के लिए रखे गए थे। साथ ही आरोप है कि उन्होंने पीड़ित पक्ष से कहा कि “जो करवाई करवा सकते हो, करवा लो।”
इस बयान के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है और सवाल उठ रहे हैं कि आखिर कैफे के अंदर इतनी संख्या में लाठी-डंडे क्यों रखे गए थे और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया गया।

बताया जा रहा है कि कैफे मालिक इस समय एक अन्य मामले में जेल से जमानत पर बाहर है, जिसके बाद इस पूरे मामले को लेकर इलाके में और भी सवाल उठने लगे हैं।


पुलिस से कार्रवाई की मांग
मामले में विजय नगर थाना पुलिस को शिकायत दी गई है और मेडिकल रिपोर्ट भी पुलिस को सौंपी गई है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परिवार का कहना है कि नाबालिग को न सिर्फ बेरहमी से पीटा गया बल्कि हथियारों से डराया-धमकाया गया और जातिसूचक शब्दों से अपमानित भी किया गया। ऐसे में आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Abhi Varta
Author: Abhi Varta

Leave a Comment

Read More

Marketing Hack4U