संवाददाता: अभी वार्ता
दुमका।
दुमका संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ बड़े ही उत्साह और जोश के साथ हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करना, उनमें खेल भावना और अनुशासन को बढ़ावा देना तथा राष्ट्रनिर्माण की चेतना जगाना है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं, खिलाड़ियों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही, जिसने माहौल को ऊर्जावान बना दिया।
सुबह 7 बजे डीसी चौक से “नमो साइक्लोथॉन” का शुभारंभ हुआ। यह यात्रा टावर चौक, गांधी मैदान और म्युनिसिपालिटी चौक होते हुए इंडोर स्टेडियम परिसर तक पहुंची। इस दौरान युवाओं, कार्यकर्ताओं और खेल प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे मार्ग में पुष्पवर्षा और नारों के बीच साइकिल सवारों का स्वागत किया गया। इस आयोजन ने फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
सुबह 9 बजे बिरसा मुंडा आउटडोर स्टेडियम में रोमांचक फुटबॉल मैच खेला गया, जिसमें खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को उत्साहित कर दिया। गूंजती तालियों और नारों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
इस अवसर पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है। यह केवल शरीर को स्वस्थ रखने का साधन नहीं है, बल्कि अनुशासन, भाईचारा और राष्ट्रप्रेम का मार्ग है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “फिट इंडिया” और “खेलो इंडिया” अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि सांसद खेल महोत्सव दुमका के युवाओं को नई दिशा और पहचान देगा।
उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, टीमवर्क और भाईचारे का प्रतीक है, जो राष्ट्र को सशक्त और समाज को संगठित बनाता है। दुमका के युवा ऊर्जा और प्रतिभा से भरे हैं और यह महोत्सव उन्हें अवसर और पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच है।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद अभयकांत प्रसाद, सुनील सोरेन, जिलाध्यक्ष गौरवकांत, सुरेश मुर्मू, अंजुला मुर्मू, अमिता रक्षित, जिला ओलंपिक संघ के सचिव वरुण कुमार, पवन केसरी, विवेकानंद राय, मृणाल मिश्रा, बबलू मंडल, गुंजन मरांडी, धर्मेंद्र सिंह बिट्टू, पिंटू अग्रवाल, मुकेश कुमार, सोनी हेंब्रम समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।










